70 साल की महिला को 15 साल के दत्तक बेटे के साथ जिंदा जलाया, भतीजी और उसकी बेटी गिरफ्तार
पटना के नौबतपुर में 70 वर्षीय मां शांति देवी और उसके 15 साल के दत्तक पुत्र अविनाश को जिंदा जलाने के मामले में फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की है। हालांकि अब तक किसी का पता नहीं चल सका है। पुलिस जल्द ही इन सभी का वारंट लेगी। इसके बाद घर की कुर्की-जब्ती की जाएगी।
इस मामले में आरोपित व शांति देवी की भतीजी माधुरी देवी और उसकी बेटी सुधा को पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिया। जबकि आरोपित माधुरी के अन्य तीन बेटे अब तक फरार हैं। पुलिस की तफ्तीश में यह बात सामने आयी है कि घटना से कुछ ही घंटे पहले यानी रात के एक बजे माधुरी का बेटा नौबतपुर पहुंचा था। पुलिस की जांच में इस बात का खुलासा हुआ है।
आशंका जतायी जा रही है कि माधुरी का बेटा घटना को अंजाम देने की नीयत से ही देर रात मसौढ़ी स्थित अपने घर से नौबतपुर पहुंचा था। गौरतलब है कि नौबतपुर में भतीजी माधुरी ने अपनी चाची शांति देवी और उनके 15 साल के दत्तक पुत्र अविनाश को संपत्ति के लिए जिंदा जला दिया था। इस मामले में माधुरी के अलावा उसकी बेटी और उसके बेटे बेटों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।