औरंगाबाद के डीटीओ रहे ADM अनिल कुमार सिन्हा के पांच ठिकानों पर छापे, पत्नी के खाता में भेजी जाती थी अवैध कमाई
औरंगाबाद के तत्कालीन जिला परिवहन पदाधिकारी और वर्तमान में दरभंगा के एडीएम (आपदा प्रबंधन) अनिल कुमार सिन्हा के ठिकानों पर गुरुवार को छापेमारी की गई। आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करने के बाद ईओयू ने उनके पटना, भोजपुर और दरभंगा स्थित घर और दफ्तर की तलाशी ली। इस दौरान जमीन-जायदाद के कागजात के साथ कई बैंक खातों में लाखों रुपए जमा होने के साक्ष्य पाए गए।
बालू के अवैध खनन और परिवहन में संलिप्तता
ईओयू के मुताबिक औरंगाबाद के (डीटीओ) रहते अनिल कुमार सिन्हा की संलिप्तता बालू के अवैध परिवहन में पाई गई थी। इसके बाद इनकी संपत्तियों की जांच शुरू की गई। पाया गया कि इन्होंने आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है जिसके बाद मामला दर्ज करते हुए गुरुवार को छापेमारी की गई। गोला रोड के राजधानी नगर के रूद्र रेसिडेंसी स्थित फ्लैट सं. 101, मजिस्ट्रेट कॉलोनी के ससुराल, भोजपुर के मुफ्फसिल स्थित रतनपुर के पैतृक घर और दरभंगा के कार्यालय व आवास की तलाशी ली गई।
पत्नी के बैंक खाता में 36 लाख नगद जमा की गई
ईओयू के मुताबिक अनिल कुमार सिन्हा की पत्नी के बैंक खाता में अलग- अलग तारीख पर लगभग 36 लाख रुपए नगद जमा किए गए। पत्नी के नाम पर ही फुलवारी के मोहम्मदपुर में 2 भूखंड भी खरीदा गया है। वहीं स्वयं के नाम पर अनिल कुमार ने रूद्र रेसिडेन्सी में फ्लैट खरीदा है जिसका क्रय मूल्य 36,57,896 रुपए दिखाया गया है। तलाशी के दौरान कई पासबुक और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं। साथ ही कुछ नए बैंक खातों का भी पता चला जिसमें करीब 10 लाख रुपए जमा पाए गए। इन बैंक खातों से बड़ी मात्रा में रुपयों का लेनदेन भी हुआ है।
आय से 55 लाख अधिक संपत्ति पाई गई
ईओयू के मुताबिक अनिल कुमार सिन्हा ने वर्ष 2000 में बिहार प्रशासनिक सेवा में योगदान किया। ये रोहतास, छपरा और औरंगाबाद में पदस्थापित रहे हैं। उनकी कुल संपत्ति 88,68,596 रुपए मूल्य की पायी गई। वेतन और अन्य ज्ञात श्रातों से इनकी कुल आय 1,28, 35000 रुपए है। इनका कुल व्यय 94,69,952 रुपए पाया गया। इस प्रकार इनके पास 55,03,548 रुपए आय से अधिक संपत्ति के साक्ष्य मिले हैं।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।