Breaking News

बेखौफ बदमाशों ने पटना साहिब स्टेशन के सामने युवक को मारी ताबड़तोड़ गोलियां, मौके पर मौत, हथियार लहराते हुए फरार

 




अपराधियों ने पटना सिटी के चौक थानांतर्गत पटना साहिब स्टेशन के सामने गुरुवार की शाम साढ़े सात बजे एक युवक को गोलियों से भून डाला। मृतक की पहचान राजा उर्फ बड़कू (25) के रूप में हुई है। वह मेहंदीगंज थाना इलाके का रहने वाला था। इस घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गये। बड़कू को सिर और पीठ में दो-दो गोलियां मारी गईं। 

इधर, हत्या की वारदात की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची चौक थाने की पुलिस ने छानबीन शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच भेजा। पटना सिटी डीएसपी अमित शरण ने बताया कि मृतक की जेब से राइफल की तीन गोलियां और मादक पदार्थ बरामद हुए हैं। पुलिस टीम उसके पूरे नाम-पते और आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। आपसी रंजिश में घटना को अंजाम दिये जाने की बात सामने आ रही है। बकौल सिटी डीएसपी पुलिस सभी पहलुओं पर छानबीन करने में जुटी हुई है। 

भागने की कोशिश की पर शूटरों ने घेर कर भूना

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक स्टेशन के सामने से जा रहा था। तभी शाम के वक्त शीतल मैरिज हॉल के पास तीन की संख्या में रहे बदमाशों ने उस पर पिस्टल तान दी। यह देख युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन अपराधियों ने उसे घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी। एक-एक कर चार गोलियां लगते ही बड़कू उसी जगह जमीन पर गिर गया और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। 

मथनीतल के रास्ते भागे अपराधी

घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मथनीतल के रास्ते भाग निकले। पुलिस उन सभी रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल कर रही है, ताकि अपराधियों का चेहरा सामने आ सके। अगर अपराधियों की तस्वीर कैद हुई होगी तो उनकी पहचान आसानी से पुलिस कर सकती है। 

सरेशाम फायरिंग होते ही मची भगदड़ 

सरेशाम भीड़ वाले इलाके में फायरिंग होते ही भगदड़ मच गयी। पहली गोली चलते वक्त लोगों ने ध्यान नहीं दिया। लेकिन एक-एक कर अपराधियों ने चार राउंड फायरिंग की, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गयी।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।