Breaking News

Bihar Panchayat Chunav 10th Phase Counting Live Updates: जारी है वोटों की गिनती, यहां पढ़ें आपकी पंचायत में किसे मिली जीत

 



बिहार में आज सुबह आठ बजे से दसवें चरण के पंचायत चुनाव के लिए पड़े वोटों की गिनती शुरू हो गई है। मतगणना को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। आज सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। मतगणना केंद्रों के बाहर प्रत्‍याशियों के समर्थक जमा हैं। सीसीटीवी कैमरों के जरिए मतगणना केंद्रों की निगरानी की जा रही है। इसी बीच अररिया जिले से दो परिणाम सामने आए हैं। तारण पंचायत से पूर्व मंत्री सरफराज आलम के साले को करारी हार मिली है।

लाइव अपडेट्स:

-बक्सर के मंझवारी में अमीन खातून ने 1459 मत पाकर सीमा देवी को 626 वोटों से हराया है। सीमादेवी को 833 वोट मिले हैं। यहां निवर्तमान मुखिया मानती देवी को 803 मत मिले। 

-किशनगंज में काठामाठा के साथ ही कोचाधामन में बदलाव की बयार दिखाई दी है। तीनों जिला परिषद में नए चेहरों ने जीत दर्ज की है। निवर्तमान जिला परिषद अध्यक्ष फरहत फात्मा भी चुनाव हार गई हैं। कोचाधामन प्रखंड में तीन जिला परिषद की सीट है तीनों पर निर्वतमान जिला परिषद सदस्यों को हार का सामना करना पड़ा। तीनों सीटों पर जनता ने नए चेहरों को मौका दिया है।

-बक्सर के बलिहार पंचायत में घर्मराज चौरसिया 1522 मत पाकर 287 मतों से जीत गए। निकटतम उम्मीदवार भीम रवाना को 1235 मत मिले। निवर्तमान मुखिया संजू शर्मा पति भरत शर्मा व्यास को 661 मत मिले। दुल्लहपुर पंचायत में देवन्ती देवी ने 1740 मत पाकर फूलादेवी को 935 वोटों से हरा दिया। फूलादेवी को 805 मत मिले। यहां निवर्तमान मुखिया चुनाव मैदान से बाहर रहीं।

-किशनगंज के कोचाधामन प्रखंड क्षेत्र में एआईएमआईएम विधायक मो. इजहार अस्फी की पुत्रवधू सुहाना अस्फी मुखिया का चुनाव हार गई हैं। वह काठामाठा पंचायत से मैदान में थीं। 

-बक्सर के सिमरी पंचायत में राजकुमारी देवी 2035 मत पाकर जीत गई हैं। उन्होंने निकटतम प्रत्याशी सावित्री देवी को 531 मतों से हराया। सावित्री को 1504 मत मिले। यहां निवर्तमान  मुखिया चुनाव मैदान से बाहर रहे।

-अररिया में ग़ैरकी मसूरिया से शाहजहां, सिमरिया से गजाला प्रवीण, भंसिया से शबाना प्रवीण, प्रसादपुर से एहतेशाम व गिरदा पंचायत से उम्मी हनी मुखिया बने हैं।

-समस्तीपुर के बिथान प्रखण्ड के सलहा बुजुर्ग पंचायत से दुर्दाना परवीन उर्फ चांदनी, सलहा चंदन पंचायत से राजेश कुमार और जगमोहरा से रुकसाना परवीन ने मुखिया पद जीत लिया है।

- सहरसा में कड़ी सुरक्षा के बीच सलखुआ प्रखंड की मतगणना कार्य शुरू है। शहर के जिला हाई स्कूल में हो रही 11 पंचायतों की काउंटिंग में अबतक चार मुखिया में तीन पंचायतों में नये चेहरे को जीत मिली है। वहीं निवर्तमान जिप सदस्य ओमप्रकाश नारायण इस बार चौथे स्थान पर रहे। जबकि इस क्षेत्र से नये चेहरे को जनता ने जिला परिषद सदस्य बनाया है।

- गोपालगंज के बरौली की बतारदेह पंचायत से कमलेश पटेल मुखिया चुने गए हैं। सलेमपुर पश्चिमी से संतोष सिंह को मुखिया पद पर विजयी घोषित किया गया है। जबकि मंतोष कुमार बीडीसी पद पर विजयी हुए हैं। जिला परिषद क्षेत्र संख्या 25 से जदयू नेता फैज अहमद की पत्नी रुखसाना परवीन विजयी हुईं हैं। सोनबरसा से मुखिया पद पर सुमन कुमारी को कामयाबी मिली है।

- राजपुर परसनपाह पंचायत से मुनेश्वरी देवी जीतीं। उन्हें कुल 1522 मत मिले। उनकी निकटतम प्रत्याशी लक्ष्मी देवी को कुल 807 मत मिले।

- किशनगंज के कोचाधामन प्रखंड के बिशनपुर पंचायत से कांग्रेस जिला अध्यक्ष पिंटू चौधरी मुखिया पद का चुनाव जीते

- औरंगाबाद जिले के देव और कुटुंबा प्रखंड की मतगणना जारी है। अबतक जिला परिषद क्षेत्र संख्या 24 से राजद नेता ई सुबोध कुमार सिंह की पत्नी किरण सिंह ने काफी मतों के अंतर से जीत दर्ज की। इन्हें 21322 मत मिले, जबकि दूसरे स्थान पर रहे दीपक कुमार वर्मा को 5163 मत ही प्राप्त हुए। जिला परिषद क्षेत्र संख्या - 26 से शशिभूषण शर्मा विजेता रहे। उन्हें 12477 मत प्राप्त हुए, जबकि दूसरे स्थान पर रहीं निर्मला देवी को 7373 मत प्राप्त हुए। देव प्रखंड के पवई पंचायत से मुखिया पद पर भूषण प्रसाद ने जीत दर्ज की है। उन्हें 2021 वोट प्राप्त हुए। 1370 वोट के साथ विजय कुमार दास दूसरे स्थान पर रहे। खरकनी पंचायत से 1706 मत प्राप्त कर लालसा देवी विजेता बनी। दूसरे स्थान पर रही गीता देवी को 1072 मत मिले। हसौली पंचायत से ललिता देवी विजयी रहीं। इन्हें 2352 मत मिले, जबकि 2203 वोट प्राप्त कर अंजू देवी दूसरे स्थान पर रहीं। बसडीहा पंचायत से रामजी चौहान 2158 मत प्राप्त कर विजेता रहे, जबकि दूसरे स्थान पर रहे जुलेखा खातून को 1675 वोट मिले। उधर कुटुंबा प्रखंड के रिसिअप पंचायत से 1352 मत प्राप्त कर रेखा देवी विजयी रही। 1335 मत प्राप्त कर अंजली सिंह दूसरे स्थान पर रहीं। भरौंधा से सविता देवी ने जीत दर्ज की। उन्हें 2192 मत प्राप्त हुए। दूसरे स्थान पर रहीं पूनम कुमारी को 1321 वोट मिले। कर्मा बसंतपुर पंचायत से 1719 वोट लाकर मीना कुमारी विजेता रहीं। 994 मतों के साथ शारदा देवी दूसरे स्थान पर रहीं। डुमरा पंचायत से मो गुलाम सरवर विजेता रहे। इन्हें 1415 मत मिले, जबकि दूसरे स्थान पर रहे मनोज कुमार को 1193 वोट प्राप्त हुए।

- गोपालगंज के बरौली की देवापुर पंचायत से बबलू सिंह मुखिया पद पर जीते। मोहिउद्दीपुर पकड़िया से वीरेंद्र सिंह हुए विजयी घोषित।

- भभुआ में मतगणना शुरू होने के तीन घंटे बाद भी किसी पंचायत का चुनाव परिणाम घोषित नहीं किया गया है। सदर प्रखंड भभुआ में बुधवार को संपन्न मतदान के मतों की गिनती मोहनियां के बाजार समिति परिसर में शुक्रवार की सुबह आठ बजे शुरू हुई। लेकिन, 11 बजे तक किसी पद का अधिकारिक चुनाव परिणाम घोषित नहीं किया जा सका था। वैसे मुखिया पद के लिए रतवार पंचायत से रामाशीष पाल, रूपपुर से सुग्रीव पासवान, मनिहारी पंचायत से शिवनारायण बिंद के चुनाव जीत जाने का दावा उनके समर्थकों द्वारा किया जा रहा है। मतगणना केंद्र के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों की काफी भीड़ लगी है। भीड़ में शामिल लोग अंदर से बाहर निकलने वाले लोगों को घेरकर उनसे चुनाव परिणाम की जानकारी लेना चाह रहे हैं। सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है। वाहनों का रूट बदला गया है। मोहनियां-रामगढ़ पथ में छोटे या बड़े वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है।

- जोकीहाट प्रखंड के क्षेत्र संख्या 24 से जिप सदस्य के रूप में नए चेहरे परवेज मुसर्रफ विजयी। केसर्रा पंचायत से उमेश पासवान व हरदार से बीबी हिना पति शमीम मुखिया बने। दोनो मुखिया नए हैं।

- केशोपुर पंचायत से रानीदेवी विजयी हुई हैं। रानीदेवी को 2216 मत मिले जबकि शिवानंद यादव को 1189 मत मिले।

- सीवान के दरौंदा के करसौत से रामकृष्ण सिंह (काका) जीते। पिनरथु खुर्द से मुखिया पद पर नईमुलहक सिद्दीकी जीते। महाराजगंज के सारंगपुर से पूर्व प्रमुख इम्तेयाज अहमद की पत्नी चुनाव हारी।

- आरा में भोजपुर के बड़हरा ब्लॉक में भी बदलाव का दौर जारी है। दसवें चरण के चुनाव की मतगणना में दो पंचायतों का चुनाव परिणाम आया है। दोनों में ही नये लोगों को मुखिया का ताज मिला है। ख्वासपुर पंचायत से मुखिया पद से नये चेहरे के रूप में किरण देवी ने जीत दर्ज की है। उन्हें लगभग 2800 से ज्यादा मत की बढ़त मिली है। वहीं सोहरा पंचायत से नये चेहरे ये रूप में मुखिया पद से मोहन शर्मा चुनाव जीत गये हैं।

- बगड़हरा पंचायत से कुलसुम व काकन से सबिहा मुखिया पद के लिए विजयी। दोनो पंचायत से निवर्तमान मुखिया की हार हुई। हालांकि ये दोनों पहले मुखिया रह चुके हैं। सबिहा मात्र 11 मतों से विजयी रहीं। सबिहा की 2382 वोट मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी अब्दुस्स को 2371 मत।

- सासाराम के शहर के तकिया बाजार समिति में बुधवार को दसवें चरण की मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। करगहर व राजपुर प्रखंड के निर्धारित समय सुबह आठ बजे से मतगणना की कार्रवाई शुरू हुई। उधर मतगणना स्थल के बाहर समर्थक परिणाम जानने के लिए परेशान रहे। हालांकि मतगणना के एक घंटे बाद रुझान आने शुरू हो गए। परिणाम आने के साथ ही समर्थक बाहर में नारेबाजी शुरू कर दी। मतगणना स्थल के मेन गेट पर पुलिस भीड़ को खाली कराने में परेशान रही। हालांकि मतगणना केंद्र के अंदर प्रवेश करने को लेकर प्रत्याशियों व एजेंटों की लंबी लाइनें लगी रही। सत्यापन के बाद ही प्रवेश कराया जा रहा था।  दोनों प्रखंडों में करीब 667 मतगणना कर्मियों को लगाया गया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से दंडाधिकारियों को तैनात किया गया है। विभिन्न प्वाइंट पर दंडाधिकारियों को तैनात किया गया है। मतगणना में प्रशासन मुस्तैद दिखा। मतगणना स्थल के समर्थकों की काफी भीड़ उमड़ पड़ी थी।

- अररिया के जिले के जोकीहाट प्रखंड के दसवें चरण में हुए पंचायत चुनाव के मतगणना को लेकर काउंटिंग हॉल के बाहर उमड़ी समर्थकों व मतगणना एजेंटों की भीड़।

- अररिया में शुक्रवार को पंचायत चुनाव की मतगणना को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम था। मतगणना स्थल मार्केटिंग यार्ड के अंदर व बाहर पुलिस छावनी मे तब्दील था। चप्पे-चप्पे में पुलिस की तैनाती थी। मतगणना स्थल पर जोकीहाट थाना के थानेदार घनश्याम कुमार व महलगांव थाना के थानेदार गुलाम शाहबाज के अलावे सदर थाना आदि पुलिस अपने दल-बल के साथ तैनात किए गए थे। इधर सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे पुलिस कप्तान हृदयकांत, एसडीपीओ पुष्कर कुमार आदि पुलिस पदाधिकारी मार्केटिंग यार्ड पहुंच कर स्थिति का जायजा लेते रहे।

- जोकीहाट प्रखंड का पहला परिणाम तारण पंचायत का आया। यहां से शाहिद ने निवर्तमान मुखिया मेराज को हराया। पूर्व मंत्री व राजद नेता सरफराज आलम के साले नाजिम की करारी हार हुई। वे मुख्य मुकाबले में भी नही दिखे। दूसरा परिणाम डुब्बा पंचायत का आया। यहां से नए चेहरे मोईन की जीत हुई। मोईन ने निवर्तमान मुखिया साबिर को पराजित किया।

- अररिया में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के जिला मुख्यालय स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में शक्रवार को जोकीहाट प्रखंड के 26 पंचायतों में 785 पदों के लिए चुनाव मैदान में भाग्य आजमा रहे 3767 प्रत्याशियों के मतों की गिनती शुरू हुई। काउंटिंग के लिए 15 टेबल लगाए गए हैं। पंचायतों में विभिन्न पदों के 3767 प्रत्याशियों का आज किस्मत का फैसला होने वाला है। मतगणना के लिए सीसीटीवी, वीडियो कैमरा एवं नियंत्रण कक्ष सक्रिय हैं। शांतिपूर्ण मतगणना के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। टू लेयर सुरक्षा व्यवस्था से गुजर कर प्रत्याशी व काउंटिंग एजेंट को अंदर प्रवेश की इजाजत दी गयी है। बगैर पास के किसी को अंदर जाने की इजाजत नहीं है। मतगणना के लिए पंचायतवार गणना टेबल बनाए गए थे। आरओ सह जोकीहाट बीडीओ सिकंदर खुद मतगणना की मॉनिटरिंग करती दिखी।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।