किशनगंज में बनेगा लेदर पार्क, तेजी से चल रहा प्रयासः उद्योग मंत्री शाहनवाज
भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने पहुंचे सूबे के उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि मेरे मंत्री बनने से किशनगंज के लोगों को मुझसे काफी उम्मीद व आस हैं। उनकी आस के लिए ही मिशन मोड में काम कर रहा हूं। किशनगंज में उद्योग लगाने की दिशा में काम चल रहा है। इन्होंने बताया कि किशनगंज से सटा बंगाल का पांजीपारा के ईद गिर्द लेदर का हब है। इसलिए इस क्षेत्र में लेदर पार्क बनाने की दिशा में काम हो रहा है। जब सब कुछ फाइनल हो जाएगा तो इसकी जानकारी विस्तृत रूप से दी जाएगी।
मंत्री ने कहा कि पूर्व में किशनगंज में प्रखंड के पास बियाडा की जमीन को एक कंपनी ने उद्योग लगाने के लिए लिया था। लेकिन उसने कुछ नहीं किया। अब उस जमीन पर दूसरे उद्योग लगाने पर विचार हो रहा है। बियाडा की जमीन पर जिसने नाजायज अतिक्रमण किया है उसको जल्द हटाया जाएगा।
शुक्रवार से शुरू हुए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार है। सीएम नीतीश जी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार में भाजपा भी साथ मिलकर काम कर रही है। एनडीए के सरकार में बिहार में विकास कैसे हो इस पर हम सब जुटे हैं।
मंत्री ने कहा कि किशनगंज की जो चमक है, वह अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्री रहते मिली थी। चाहे फ्लाई ओवर हो या राजधानी एक्सप्रेस का किशनगंज में स्टॉपेज हो। सेंट्रल रोड फंड से वाजपेयी जी के प्रयास से हमने कोचाधामन के बैसा वाला पुल बनाया था। यह बताते खुशी हो रही है कि वहां फिर से बिहार सरकार ने नया पुल बनाने की स्वीकृति दी है। अमौर से बायसी कोचाधामन होते हुए नया फोरलेन बन रहा है। इस पर काम जल्द शुरू होगा। कहा कि कई हाईवे यहां बन रहे हैं। उद्योग के क्षेत्र में भी काम करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पटना में भी बैठकर किशनगंज के विकास की चिंता करता रहता हूं। क्योंकि मेरी पहचान किशनगंज से बनी है। किशनगंज के लोगों का बहुत आशीर्वाद मिला है। मंत्री ने कहा कि यह जज्बाती इलाका है। यहां डेवलपमेंट कभी मुद्दा नहीं बना है। यहां अलग तरह की राजनीति होती है। लेकिन मेरा प्रयास है कि डेवलपमेंट के क्षेत्र में जितना भी काम हो करने का प्रयास करुंगा।
एक सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि बिहार में जहां-जहां जूट मिल खुल सकती है, प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों का भी बखान किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुशांत गोप, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष त्रिलोक चंद जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।