सृजन घोटाले में चार्जशीटेड एनवी राजू पर शिकंजा, एक और संपत्ति बैंक ने बेची
सृजन मामले में चार्जशीटेड व्यापारी एनवी राजू की एक और संपत्ति बैंक ने बेच दी है। बैंक ऑफ बड़ौदा ने बिजनेस लोन का बकाया वसूलने के लिए एनवी राजू की डॉ. आरपी रोड स्थित ईश्वरी कॉम्प्लेक्स के ग्राउंड फ्लोर वाली संपत्ति बेची है। राजकुमार नामक व्यक्ति ने 1004 वर्गफीट वाली इस संपत्ति को 61 लाख 33 हजार 354 रुपये में खरीदी है। बैंक ने इतने रुपये एनवी राजू के एनपीए एकाउंट में डालकर ड्यूज बैलेंस कम कर दिया है।
बीते साल जोगसर की दो कट्ठा जमीन बिक गई थी
खलीफाबाग रोड स्थित कलिंगा सेल्स नामक फर्म चलाने के लिए एनवी राजू ने करीब एक करोड़ का लोन लिया था। इससे पहले बैंक ने 5 मार्च 2020 को जोगसर मोहल्ले में चंडी प्रसाद लेन स्थित 1440 वर्गफीट (दो कट्ठा) जमीन बेचकर 53 लाख रुपये एनवी राजू के एनपीए एकाउंट से एडजस्ट किया था। हालांकि इस कार्रवाई को लेकर राजू ने डीआरटी (डेब्ट रिकवरी ट्रिब्यूनल) में बैंक के खिलाफ मुकदमा दायर किया था, जिसका फैसला अभी तक पेंडिंग है। यह जमीन जोगसर के तत्कालीन थानाध्यक्ष के रिश्तेदारों ने खरीदी थी।
अब कचहरी चौक वाली बेचने की तैयारी
अब बैंक के पास राजू की मॉर्गेज वाली कचहरी रोड स्थित अध्यावती टावर का बेसमेंट है। 1118.70 वर्गफीट की इस संपत्ति की कीमत करीब 71 लाख है। दो साल से बैंक को इसका खरीदार नहीं मिल रहा है। बैंक की ओर से वसूली के लिए अधिकृत ऋषभ राज नंदनी एसोसिएट प्राइवेट लिमिटेड के केशव झा ने बताया कि इस संपत्ति का भी खरीदार मिल गया है। जल्द इसे भी बेच दिया जाएगा।
बैंक औफ बड़ौदा के मैनेजर आरओएसएआरबी ब्रज किशोर सिंह के अनुसार जोगसर वाली जमीन बेचने के बाद कलिंगा सेल्स पर ब्याज समेत करीब 1.56 करोड़ बकाया था। उसी पैसे की वसूली के लिए ईश्वरी कॉम्प्लेक्स की संपत्ति बेची गयी है। शेष पैसे की वसूली के लिए बची संपत्ति भी बेची जाएगी। वहीं कारोबारी एनवी राजू ने कहा कि जमीन बिक्री की कार्रवाई वाली के खिलाफ डीआरटी में केस पेंडिंग है। 23 दिसम्बर को सुनवाई होनी है। ईश्वरी वाले के खिलाफ भी डीआरटी जाएंगे।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।