बिहार पुलिस का दावा हत्या, डकैती, लूट जैसे मामलों में आई कमी, अपराध दर भी घटी
अपराध के मामले में बिहार देश में 25वें स्थान पर है। राज्य पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, बिहार में अपराध की दर में कमी आई है। हत्या, रोड लूट, बैंक डकैती, बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों में भी कमी दर्ज की गई है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो द्वारा वर्ष 2020 में जारी आंकड़ों का हवाला देते हुए पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि राष्ट्रीय अपराध दर (प्रति लाख की आबादी पर) 487.9 है। उसकी तुलना में बिहार में अपराध का दर 211.3 रही है। सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के अपराध की तुलना में बिहार का 25वां स्थान है। हत्या के मामले में बिहार का स्थान 8वां है।
कई शीर्ष अपराध में कमी
वर्ष 2019 में नवंबर तक हत्या के कुल 2910 मामले दर्ज किए गए थे जबकि इस वर्ष नवंबर तक मात्र 2607 मामले दर्ज किए गए हैं। अपराध दर क्रमश: 2.6 एवं 2.3 है। हत्या के अपराध में गिरावट आई है। पुलिस मुख्यालय के मुताबिक डकैती के मामले में बिहार 11 वें स्थान पर है। वर्ष 2019 में डकैती के कुल 353 मामले दर्ज हुए थे। वहीं वर्ष 2021 में नवंबर तक सिर्फ 239 मामले दर्ज किए गए हैं।
लूट की घटनाओं में भी गिरावट दर्ज की गई है और बिहार का स्थान 13वां है। फिरौती के लिए अपहरण के मामले में बिहार 25 राज्यों के साथ संयुक्त रूप से 12वें स्थान पर है। महिला अपराध के मामले में बिहार 29वें स्थान पर है जबकि रोड डकैती की घटनाओं में भी 38.8 प्रतिशत की कमी आई है।
इसी तरह बैंक डकैती के मामले में भी 53.8 प्रतिशत की कमी आई है। बलात्कार के मामले में भी कमी दर्ज की गई है। वर्ष 2019 में नवंबर तक कुल 1375 मामले दर्ज किए गए थे, वहीं इस वर्ष नवंबर तक 1338 मामले दर्ज किए गए हैं। इस मामले में राष्ट्रीय औसत दर 4.3 की तुलना में बिहार में अपराध दर 1.4 रही है। अपराध के इस शीर्ष में वर्ष 2020 में बिहार का 31वां स्थान है। इस वर्ष यह दर 1.2 प्रतिशत है।
अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार अधिनियम के शीर्ष में वर्ष 2020 में 44.5 की अपराध दर के साथ बिहार का स्थान तीसरा है। दंगा के मामलों में कमी आई है। वर्ष 2019 में 6797 मामले दर्ज किए गए थे और इस वर्ष नवंबर तक 5801 मामले दर्ज किए गए हैं।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।