पार्टी नेतृत्व पर सवाल और नीतीश की तारीफ, BJP ने अपने विधायक ज्ञानू को थमाया नोटिस
बिहार में भाजपा को नेतृत्वविहीन बताने वाले विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू पर पार्टी का शिकंजा कस गया है। उनको नोटिस देते हुए 14 दिनों के अंदर जवाब मांगा गया है। भाजपा की प्रदेश अनुशासन समिति के अध्यक्ष विनय सिंह ने ज्ञानू को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। ज्ञानू ने बिहार में पार्टी को नेतृत्वविहीन बताया था। ज्ञानू ने भाजपा नेतृत्व को चुनौती देने के साथ सीएम नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की थी। कहा कि नीतीश का विकल्प नहीं है और आगे भी सीएम बने रहेंगे। उन्होंने कहा था कि बिहार भाजपा में कोई ऐसा नेता है जो मुख्यमंत्री बन सके।
ज्ञानू पिछले एक वर्ष से पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रहे हैं। तर्क है कि वरिष्ठ नेता होने के बावजूद पार्टी में उनकी लगातार अनदेखी की जा रही है। सत्ता या संगठन में जिम्मेदारी नहीं मिलने से ज्ञानू खफा हैं। पिछले एक वर्ष में ज्ञानू कई बार पार्टी विरोधी बयान देकर सरकार और भाजपा की किरकिरी करा चुके हैं। चार नंवबर को ज्ञानू ने कहा था कि बिहार में भाजपा नेतृत्वविहीन है और भाजपा कोटे के ज्यादातर मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उनकी बात अधिकारी भी नहीं सुनते। बिहार भाजपा में जातिवादी व्यवस्था हावी हो रही है। सवर्ण समाज भाजपा से सख्त खफा है। यही हाल रहा तो 2024 में परिणाम बुरे होंगे।
ज्ञानू ने राष्ट्रीय नेतृत्व से जल्द से जल्द मामले में संज्ञान लेने की अपील की थी। ज्ञानू का आरोप था कि सुशील मोदी के बाद बिहार भाजपा दिशाहीन हो गई है। ज्ञानू का इशारा सीधे तौर पर संजय जायसवाल पर था, उन्होंने कहा कि वर्तमान अध्यक्ष से संगठन के लोग भी नाराज हैं। उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा था कि अनुभवहीन और ऐसे लोगों को मंत्री बना दिया गया जिन्हें कोई जानकारी नहीं है। इनसे पार्टी की किरकिरी हो रही है। मंत्रियों को सिपाही बेइज्जत करता है। भाजपा कोटे से ऐसे मंत्री बने जिनपर कई कई मुकदमे हैं और उनकी आपराधिक छवि है। प्रदेश नेतृत्व ने दागी और माफिया को मंत्री बना दिया है।
उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद और बिहार भाजपा अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल की राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद पार्टी ने ज्ञानू को चेतावनी दी है। बुधवार को तारकिशोर और जायसवाल ने नड्डा से मुलाकात की थी। दोनों ने बिहार में संगठन और सत्ता की गतिविधियों से पार्टी नेतृत्व को अवगत कराया था।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।