भू-अर्जन पदाधिकारी के यहां मिला 29 लाख कैश और 1.19 करोड़ के जेवरात, लॉकर में भी रखी थी नगदी
रोहतास के जिला भू-अर्जन पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता की अवैध कमाई बढ़ती ही जा रही है। शुक्रवार को सासाराम स्थित एक्सिस बैंक के लॉकर से 7.91 लाख रुपए नगद के अलावा 10 लाख से अधिक के जेवरात बरामद हुए। यह लॉकर भी उनकी पत्नी अनीता गुप्ता के नाम से है। अबतक राजेश गुप्ता के ठिकानों से 29.63 लाख कैश और 1.19 करोड़ रुपए से अधिक के जेवरात मिले हैं। वहीं करोड़ों की जमीन के कागजात भी निगरानी के हाथ लग चुका है।
आय से अधिक मामले में निगरानी ने की थी छापेमारी
राजेश कुमार गुप्ता पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति का मामला 25 नवम्बर को दर्ज किया था। इसके बाद 27 तारीख को उनके ठिकानों पर छापेमारी की गई, जिसमें करोड़ों की चल-अलच संपत्ति का खुलासा हुआ। आनंदपुरी व नागेश्वर कॉलोनी के फ्लैट और फारबिसगंज स्थित पैतृक घर की तलाशी ली गई।
उस वक्त 21.72 लाख नगद, 61.67 लाख के जेवर और बड़ी संख्या में जमीन-जायदाद के कागजात मिले थे। अबतक आधा दर्जन फ्लैट, पूर्णिया में चार बीघा जमीन, रांची में 55 हजार वर्गफीट जमीन, विभिन्न बैंकों में 25 पासबुक और 39 जमीन की डीड की बरामदगी हो चुकी है।
पटना वाले लॉकर से मिले थे 47 लाख के जेवर
सासाराम स्थित बैंक लॉकर से पहले 4 दिसम्बर को आनंदपुरी स्थित लॉकर को खोला गया था। उस लॉकर से निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को 47,36,519 रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण मिले थे।
50 करोड़ तक जा सकती है संपत्ति
जांच से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक राजेश कुमार गुप्ता की संपत्ति का आकलन किया जा रहा है। विभिन्न जगहों पर स्थित 6 फ्लैट के अलावा पूर्णिया, फारबिसगंज, जोगबनी, किशनगंज और रांची में खरीदे गए जमीन और फारबिसगंज स्थित मकान की कीमत 50 करोड़ तक पहुंच सकती है।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।