सिपाही के पति ने लूटी कार, कानपुर से कराया था बुक, खगड़िया में वारदात, जीपीएस से पकड़ाया
कानपुर में किराया पर कार लेकर खगड़िया में तैनात सिपाही पत्नी से मिलने आ रहे युवक ने चाकू के बल पर चालक को कब्जे में लेकर कार को लूट लिया। कार में सवार दोनों युवकों ने चालक का एटीएम, सोने की चेन, रिंग आदि भी लूट लिये। कार सवार लुटेरों ने एनएच 31 पर रहीमपुर गांव में वारदात को अंजाम दिया। लेकिन पुलिस ने कार में लगे जीपीएस की मदद से कार समेत दोनों लुटेरों को तत्काल पुलिस लाइन के पास से गिरफ्तार कर लिया। दो आरोपियों में से एक जॉन सचान खगड़िया पुलिस लाइन में तैनात बक्सर जिले की सिपाही का पति है।
उत्तर प्रदेश के कानपुर से कार चालक मनोज गुप्ता गुरुवार को किराया पर दो व्यक्तियों को लेकर खगड़िया के लिए चला था। कार लेकर जैसे ही वह शुक्रवार सुबह में रहीमपुर गांव स्थित एक पेट्रोल पहुंचा कि अंदर बैठे दोनों युवकों ने चाकू के बल पर गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। दोनों युवकों में से एक कानपुर के तात्यानगर का रहने वाला जॉन सचान दूसरा युवक ददादनगर का शरद कुमार है। कार चालक भी कानपुर का ही रहने वाला है। दोनों ने चालक के पास से एटीएम, रिंग व सोने की चेन लूट कार लेकर फरार हो गया।
कानपुर का रहने वाला है दोनों आरोपी: घटना के बाद कार चालक ने आसपास के लोगों की सहायता से इसकी जानकारी स्थानीय मुफस्सिल पुलिस को दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते जीपीएस के माध्यम से कार की खोजबीन शुरू की। पुलिस ने कार को संसारपुर पुलिस लाइन के पास ट्रैक किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उत्तर रिटायर्ड रेलवे बांध के किनारे एक शिफ्ट डिजायर गाड़ी लगी देखी। उसके पास खड़े दोनों युवकों ने पूछताछ में पुलिस को कानपुर का रहने वाला बताया। पुलिस ने तत्काल दोनों को हिरासत में ले लिया। दोनों ने कार लूटने की बात स्वीकारी। पुलिस ने उसके पास से नौ हजार नकदी, दो मोबाइल, एटीएम, आधार कार्ड समेत चाकू व कटर बरामद किया।
14 हजार में किराया पर लिया था कार: पुलिस छानबीन में गिरफ्तार बदमाशों में से जॉन सचान खगड़िया पुलिस लाइन में कार्यरत बक्सर जिले की रहने वाली सिपाही विरोनिका मसीह का पति है। वह अपनी पत्नी से मिलने के लिए 14 हजार रुपये में किराया पर कानपुर से गाड़ी लेकर चला था। इस दौरान दोनों बदमाशों ने ड्राइवर के एटीएम को अपने कब्जे में लेने के बाद उसके गूगल एकाउंट से 80 हजार शरद कुमार ने अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया। मुफस्सिल थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई में यह सफलता मिली है। दोनों बदमाशों के आपराधिक इतिहास खंगाले जा रहे हैं।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।