ट्रक की चपेट में आने से दुकानदार की हुई मौत
ट्रक की चपेट में आने से दुकानदार की हुई मौत
हादसे में मौके पर ही मोहम्मद अली की हो गयी मौत
अस्पताल मोड़ के समीप नाई का करता था काम
09 बजे सुबह हुआ पंच मंदिरा के समीप हादसा
02 सौ से अधिक इस साल हादसे में हो चुकी मौत
सीवान। निज प्रतिनिधि
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरहन पंचमंदिरा मंदिर के पास शुक्रवार को ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी। युवक स्थानीय निवासी शहाबुद्दीन मियां का 41 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अली था। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकठ्ठी हो गयी। इधर सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को समझा बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लायी। मिली जानकारी के अनुसार मोहम्मद अली जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल रोड में नाई का काम करता है। रोज की तरह शुक्रवार की सुबह 9 बजे अपनी दुकान के लिए घर से साइकिल पर सवार होकर निकला था। इस बीच जैसे ही वह पंचमंदिरा मंदिर के पास पहुंचा सीवान की ओर से लकड़ी की तरफ जा रहे एक ट्रक की चपेट में आ गया। ट्रक की चपेट में आने से वह बुरी तरह जख्मी हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर भागने में सफल रहा। इस ममामले में मृतक के भाई रहमुद्दीन ने एफआईआर दर्ज करायी है।
पांच भाई बहनों में दूसरे नंबर का था मोहम्मद अली
स्थानीय लोगों ने बताया कि शहाबुद्दीन मियां की कुल पांच संतान थी। उनमें चार पुत्र व एक पुत्री शामिल हैं। सभी में मोहम्मद अली दूसरे नंबर का था। मोहम्मद अली पहले दूसरे प्रदेश में रहकर कमाई करता था। लेकिन बीते दो-ढाई साल से वह गांव में ही रहकर अपनी दुकान चलाता था। मो. अली की शादी करीब नौ-दस साल पहले हुई थी और उसकी तीन संतान है। सबसे बड़ा पुत्र करीब सात साल का, दूसरे नंबर का करीब ढाई साल की पुत्री व तीसरे नंबर पर करीब डेढ़ वर्ष का एक पुत्र बताया जाता है।
सड़क हादसे में दो सौ से अधिक लोगों ने गंवाई है अपनी जांन
जिले में सड़क हादसों पर लगाम नहीं लग रहा है। परिवहन विभाग से मिले एक आंकड़े के अनुसार इस वर्ष जनवरी से लेकर अबतक दो सौ से अधिक लोगों ने सड़क हादसे में अपनी जांन गंवाई है जबकि 170 से अधिक लोग जख्मी हुए हैं। इधर सड़क हादसे में जांन गंवाने वालों में मोहम्मद अली का नाम भी शामिल हो गया।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।