ओमीक्रोन का खतरा: दूसरी लहर का खौफनाक मंजर देखकर भी नही संभल रहा मुजफ्फरपुर का स्वास्थ्य महकमा, अभी भी हवा में ऑक्सीजन प्लांट
● प्लांट को शुरू करने की पांच डेडलाइन बीती
● कांटी व पारू पीएचसी में भी प्लांट से शुरू नहीं हो सका है उत्पादन
कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रोन का खतरा सिर पर है, लेकिन मुजफ्फरपुर के अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट को चालू करने की योजना अब भी हवा में तैर रही है। एसकेएमसीएच, सदर अस्पताल, पारू व कांटी पीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट अबतक शुरू नहीं हो सके हैं। एसकेएमसीएच में ऑक्सीजन प्लांट को शुरू करने की पांच डेडलाइन बीत चुकी है। सदर अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट कब शुरू होगा, इसका भी पता नहीं है। कांटी व पारू पीएचसी के ऑक्सीजन प्लांट में अबतक बिजली कनेक्शन नहीं लगा है।
एसकेएमसीएच में तीन ऑक्सीजन प्लांट बनने हैं। तीनों 3280 लीटर के हैं। तीन प्लांट से हर दिन 300 ऑक्सीजन सिलेंडर उत्पादन किया जाएगा। एसकेएमसीएच प्रबंधक संजय साह का कहना है कि ऑक्सीजन प्लांट के निर्माण का काम लगभग पूरा हो चुका है। इसका ट्रायल हो चुका है। आज शनिवार को ऑक्सीजन प्लांट का कंप्रेशर चेक किया जा रहा है।
वहीं, सदर अस्पताल के मातृ शिशु सदन में ऑक्सीजन प्लांट लगाया जा रहा है। प्लांट की क्षमता 680 लीटर की है, लेकिन अबतक इसमें बिजली कनेक्शन नहीं दिया गया है। इस ऑक्सीजन प्लांट को यूनिसेफ लगवा रहा है। यूनिसेफ के जिला समन्वयक राजेश कुमार ने बताया कि प्लांट का काम लगभग पूरा हो गया है। जल्द ही इसे चालू कर दिया जाएगा। सदर अस्पताल में अभी 300 लीटर का ऑक्सीजन प्लांट काम कर रहा है। कोरोना को देखते हुए यह नया ऑक्सीजन प्लांट बनाया जा रहा है।
पीकू में शुरू किया गया प्लांट हुआ खराब
एसकेएमसीएच की पीकू में शुरू किया गया ऑक्सीजन प्लांट 22 दिनों से खराब पड़ा है। ऑक्सीजन प्लांट का सेंसर काम नहीं करने से ऑक्सीजन उत्पादन बंद हो गया है। पीकू में अभी सिलेंडर से ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है।
नहीं जुड़ा कनेक्शन
कांटी और पारू पीएचसी में भी ऑक्सीजन प्लांट शुरू नहीं हो सके हैं। कांटी के पीएचसी के प्रभारी डॉ. यूसी शर्मा ने बताया कि अभी प्लांट में पाइप का कनेक्शन नहीं हुआ है। बाकी काम पूरे हो चुके हैं। यह ऑक्सीजन प्लांट 60 बेड को ऑक्सीजन देने में सक्षम है। पारू पीएचसी में भी प्लांट से कनेक्शन जोड़ना बाकी है।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।