पटना: शादी से लौट रहे युवक की हत्या, बदमाशों ने सीने में मारी गोली
शादी समारोह से लौट रहे युवक को घात लगाए बदमाशों ने सीने में गोली मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। घटना दीदारगंज थाना क्षेत्र के सोनामा गांव में शनिवार की रात करीब दस बजे घटी। ग्रामीणों की मदद से परिजन 22 वर्षीय प्रदुमन को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्याकांड में मृतक के भाई के बयान पर मामला दर्ज कर 12 लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है।
परिजनों ने बताया कि शनिवार की रात रामप्रवेश सिंह का बेटा प्रदुमन गांव में ही एक शादी समारोह में खाना खाकर वापस घर लौट रहा था। इस दौरान घर से थोड़ा पहले पुल के पास घात लगाए बदमाशों ने उसको पकड़ कर पिटाई कर दी, फिर गोलीमार कर भाग निकले।
परिजनों का कहना है कि छितवा गांव में दो बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। दो दिन पहले भी इस मामले को लेकर पंचायत बुलायी गयी थी। प्रदुमन के भाई मोहन कुमार ने बयान दर्ज कराते हुए राजीव, मुन्नी लाल, उपेन्द्र, टूनटून सिंह, उपेन्द्र अमरजीत, मुकेश सहित 12 लोगों को आरोपित बनाया है।
दीदारगंज थानाध्यक्ष चेतानानंद झा ने बताया कि घटना की खबर परिजनों ने पुलिस को देर से दी है। मारा गया युवक आपराधिक मामलों में संलिप्त था। इसके खिलाफ दीदारगंज,खगौल एवं रूपसपुर में कांड अंकित है। परिजनों के बयान पर मामला दर्ज का घटना की जांच की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।