बच्चे का चेहरा देखकर भी नहीं आई दया, तीन साल के मासूम की गला दबाकर हत्या, रस्सी से बंधे मिले हाथ-पांव
पटना के नौबतपुर थाना इलाके के रुस्तमगंज गांव में एक तीन वर्षीय मासूम की गला दबाकर हत्या करने के बाद उसके शव को जानवरों के नाद में फेंक दिया गया। बच्चे के हाथ और पैर में रस्सी से बंधे हुए थे। सोमवार की सुबह पुलिस ने मासूम के शव को बरामद किया। मृतक की पहचान रुस्तमगंज गांव के रहने वाले नसीबन रविदास के पुत्र अमन (3) के रूप में हुई है।
मासूम रविवार को दोपहर घर के बाहर गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलने के दौरान ही वह गुम हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने थाने को सूचना दी। अभी पुलिस तफ्तीश कर ही रही थी कि सोमवार की सुबह अमन का शव गांव में ही एक पुराने और जर्जर मकान से मिला।
अमन के हाथ और पैर रस्सी से बंधे हुए थे। प्रथम दृष्टया यह बात सामने आयी है कि मासूम की गला दबाकर हत्या की गयी। इसके बाद उसके शव को जानवरों को चारा खिलाने वाले नाद में फेंक दिया गया। नौबतपुर थानाध्यक्ष दीपक सम्राट ने बताया कि पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। अपराधियों की तलाश की जा रही है।
दंपती पर नामजद केस दर्ज
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद काफी कुछ स्पष्ट होगा। दूसरी ओर मासूम अमन के पिता ने ग्रामीण मथुरा रविदास और उसकी पत्नी को नामजद अभियुक्त बनाकर केस दर्ज करवाया है।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।