गुस्से में गजराजः छपरा में हाथी ने महावत को कुचलकर मार डाला, बेटा भी हुआ घायल
सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र के रीठ टोला व मुकुंदपुर गांवों के बीच चंवर- बगीचा में गुरुवार को एक हाथी ने महावत को कुचलकर मार डाला। इस दौरान हाथी पर सवार महावत का बेटा भी गिर कर घायल हो गया। मृत महावत शहबान मियां था। महावत के पुत्र मुन्ना मियां का इलाज परसागढ़ हथिया टोला स्थित घर पर ही चल रहा है। इस घटना में ही महावत का एक अन्य पुत्र बाल- बाल बच गया है।
आसपास के गांवों के लोगों में दहशत
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोगों में दहशत फैल गयी। गनीमत रही कि महावत को मारने के बाद हाथी चंवर- बगीचा के आसपास में ही घूमता फिर रहा था। अन्यथा बाहर आबादी की तरफ निकलता तो कोई और भी बड़ा हादसा हो सकता था। हाथी सीवान जिले के अमलोरी सरसर निवासी प्रवीण सिंह का बताया जा रहा है।
चारा के लिए पेड़ की टहनी काटने गया था महावत
बताया जाता है कि सुबह में हाथी के चारा के लिए पेड़ की टहनी काटने महावत व उसके दो पुत्र अपने घर से पहुंचे थे। एक पुत्र मुन्ना हाथी की पीठ पर सवार था व दूसरा अन्य पेड़ की टहनियों को काटने- बटोरने में लगा था। अचानक हाथी गुस्सा गया।
पीठ पर सवार मुन्ना को गिराने पर महावत शहबान सामने आकर पुत्र को बचाते हुए हाथी को काबू में करने का प्रयास करने लगा, तभी हाथी ने उस पर हमला बोलते हुए पांव से सिर को कुचल दिया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। इसके बाद हाथी चंवर- जंगल में ही इधर- उधर चिंघाड़ते हुए दौड़ लगाने लगा। किसी तरह घायल मुन्ना व उसके भाई इदु मियां वहां से जान बचाकर भागने में सफल रहे।
हाथी को काबू में करने पहुंचे कई महावत
हाथी को काबू में करने के लिए हाथी के मालिक प्रवीण सिंह कई महावतों को लेकर पहुंचे थे। महावत कई तरीके से हाथी को काबू में करने का तरीका आजमा रहे थे, लेकिन हाथी के तेवर को देख उसके पास कोई फटकने की हिम्मत नहीं जुटा रहा था।
लोग इस बात से भी डर रहे थे कि कहीं पगलाया हाथी बिगड़कर इधर- उधर भागते हुए आबादी की तरफ निकल पड़ा तो गंभीर परिणाम हो सकते हैं। इधर हाथी को काबू में लाने के लिए स्थानीय वनरक्षी भी पहुंचे थे पर उनके पास कोई व्यवस्था नहीं थी। लिहाजा हाथी को कब्जा में करने के लिए पटना से टीम को बुलाया गया था। उसी के आने का बेसब्री से सभी इंतजार कर रहे थे।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।