खगड़िया: प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा प्रेमी, पिता ने गला दबाकर कर दी हत्या, गड्ढे में बोरे के अंदर मिला शव
खगड़िया के गोगरी थाना क्षेत्र के बड़हरा गांव में प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मंगलवार को एक गड्ढे से पुलिस ने युवक का बोरे में बंद शव बरामद किया। मृतक इटहरी गांव निवासी उमाकांत सिंह का पुत्र मुकेश कुमार (30) था। मृतक के भाई मोनू कुमार ने इस संबंध में गोगरी थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है।
आवेदन में उसने कहा है कि उसका भाई मुकेश कुमार 26 दिसंबर की देर रात से गायब था। काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नही मिला। खोजबीन के दौरान उसके भाई की बाइक सोमवार देर रात बड़हरा गांव से बरामद हुई। बाइक की बरामदगी के बाद हत्या की आशंका बढ़ गई।
आवेदन में उन्होंने कहा कि बड़हरा गांव की एक विवाहिता के साथ मुकेश का काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसने 26 दिसंबर की रात 11:00 बजे मुकेश को घर पर बुलाया था। इसके बाद से वह वापस अपने घर नहीं लौटा। काफी खोजने पर भी उसका पता नहीं चल सका। सूचना पर 27 दिसंबर की रात पुलिस प्रेमिका के घर पहुंची तो सभी लोग फरार थे।
पुलिस ने प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन पर दुखा टोला एवं हरंगी टोल के बहियार में छापेमारी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद युवती के पिता को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने हत्या की स्वीकारी। उसके बयान पर पुलिस ने घर के पीछे स्थित गड्ढे से बोरे में बंद मुकेश का शव बरामद किया।
गोगरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। इधर गोगरी एसडीपीओ मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस घटना की गहन छानबीन कर रही है। घटना में संलिप्त अन्य दोषियों की भी शीघ्र गिरफ्तारी होगी।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।