Breaking News

इनसे सीखें: पिता चलाए ठेला, बेटा खेलेगा इन्टरनैशनल मैच

 



हौसले के आगे गरीबी दम तोड़ देती है। यही वजह है कि ठेला चलाने वाले और सड़क किनारे अंडा-चाऊमिन बेचने वालों के बच्चे अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने जा रहे हैं।  भागलपुर जिले के चार बच्चे अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप के लिए चयनित हुए हैं। ये चारो काफी गरीब घर से हैं। प्रिंस (13 वर्ष) और गणेश (11 वर्ष) के पिता दीपक मंडल परबत्ती में ठेला लगाकर अंडा और चाऊमिन बेचते हैं। वहीं उत्तम कुमार(16) के पिता रंजन राम रेकाबगंज के ठेला चलाते हैं। एक अन्य खिलाड़ी मानव(11) के पिता मुन्ना यादव उर्दू बाजार के कपड़ा का फेरी लगाता है। इन सब का चयन इस अंतर्राष्ट्रीय मैच के लिए हुआ है। 

शुल्क लगता तो बच्चे सीखने नहीं जा पाते

दीपक मंडल ने कहा कि किलकारी में शुल्क नहीं लगता है, इसलिए चारो बच्चे सीख लेते हैं। वह जहां ठेला लगाते थे वहां से भी हटा दिया गया है। अभी वह पूरी तरह बेरोजगार हैं। शुल्क लगता तो बच्चे सीखने नहीं जा पाते। उनकी पत्नी स्वीटी देवी ने कहा कि सभी बच्चे छोटे से सीखना चाहते हैं। इसलिए वह मना नहीं करतीं। कहा कि लड़कियां सीखती हैं तो उनकी आत्मरक्षा के लिए भी काफी अच्छा है। उन्होंने कहा कि बच्चों में जुनून है तो उसे भला कौन रोक सकता है। 

रेकाबगंज नया टोला निवासी 12वीं के छात्र उत्तम कुमार(16 वर्ष) के पिता रंजन राम ठेला चलाते हैं और मां मुन्नी देवी गृहणी है। चार भाई बहनों में उत्तम ही सिर्फ कराटे सीखते हैं। काफी गरीब घर से होने के बाद भी उत्तम में लगन की कमी नहीं है। इसी लगन ने उन्हें आज अंतरराष्ट्रीय मैच तक पहुंचाया। मुन्नी देवी ने कहा कि बेटा कुछ मांगता तो है नहीं सिर्फ नाम कमाता है। रंजन राम ने कहा कि बेटे की खुशी में ही हमारी खुशी है। बच्चा अच्छा कर ले यही हमारी तमन्ना है। 

उर्दू बाजार निवासी मानव (11 वर्ष) के पिता मुन्ना यादव कपड़े की फेरी लगाकर घर की रोजी रोटी चलाते हैं। मां मानव की मां मुन्नी देवी ने कहा कि अभी उसकी परीक्षा होने वाली है। परीक्षा पूरी होने के बाद उसे बांग्लादेश भी भेज देंगे। जल्दी ही पासपोर्ट के लिए  पूछकर आवेदन कर देंगे।

"कुछ साल से ये बच्चे परिश्रम कर रहे हैं। काफी मेहनती होने के कारण इनका प्रदर्शन काफी अच्छा हो रहा है। इन्हें बांग्लादेश भेजने का पूरा खर्च किलकारी वहन करेगी।" -अभिलाषा कुमारी, प्रमण्डल कार्यक्रम समन्वयक, किलकारी, भागलपुर

 

पासपोर्ट के लिए किया आवेदन

प्रिंस, गणेश और उत्तम ने पासपोर्ट के लिए आवेदन कर दिया है। उन लोगों का वेरिफिकेशन भी हो गया है। लेकिन अभी तक पासपोर्ट नहीं आया है। वहीं मानव के पासपोर्ट के लिए अभी तक आवेदन नहीं हुआ है। उनके अभिभावक बहुत रुचि नहीं दिख रहे हैं। हालांकि अभी भी उन लोगों ने उसे भेजने से इंकार नहीं किया है। मानव की मां मुन्नी देवी ने कहा कि अभी उसकी परीक्षा होने वाली है। परीक्षा पूरी होने के बाद उसे बंग्लादेश भेज देंगे

नेशनल में जीता था गोल्ड मेडल

ये चारो बच्चे पिछले कुछ सालों से नियमित रूप से शिक्षा विभाग की संस्था बिहार बाल भवन किलकारी में जाते हैं और तन्मयता से कराटे सीखते हैं। इनके कोच कुंदन कुमार ने कहा भटिंडा में पिछले दिनों हुए इंडियन गुजिरियो स्पोर्ट्स कराटे नेशनल चैंपियनशिप इन चारों ने गोल्ड मेडल जीता है। इसके बाद इन लोगों का चयन 27 से 29 दिसंबर तक बांग्लादेश के ढाका में होने वाले इंटरनेशनल वोजोरियो कराटे चैंपियनशिप 2021 के लिए हुआ है। इसकी तैयारी कराई जा रही है। इनका सारा खर्च किलकारी देगी। इंडिया गुजिरियो स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन राजदेव ने इसके इन चारों के लिए निमंत्रण पत्र भेजा है।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।