नए साल पर गर्लफ्रेंड को हिल स्टेशन घूमाने के लिए बने लुटेरे, दो नाबालिग सहित तीन को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अपने क्षेत्र की खबरों के लिए डाउनलोड करें बिहार खबर (Bihar Khabars) ऐप
द्वारका जिले की पुलिस ने ऐसे तीन बदमाशों को पकड़ा है, जोकि नए साल पर अपनी गर्लफ्रेंड को हिल स्टेशनों पर घूमाने के लिए कार लूट सहित लूटपाट की अन्य वारदातों को अंजाम देते थे। पकड़े गए बदमाशों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। गिरफ्तार बदमाश का नाम पवन (22) है जो हरियाणा के बल्लभगढ़ का रहने वाला है। पुलिस ने इनके पास से कार, मोबाइल, तीन हजार रुपए व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ कर अब गिरोह के फरार अन्य बदमाशों की तलाश कर रही है।
एडिशनल डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि गत 23 दिसंबर देर रात करीब तीन बजे पीड़ित संजीव कुमार, डीपीएस रेड लाइट के पास अपनी कार में बैठे थे। तभी दो युवक उनके पास आए और उन्होंने उनसे कहा कि आपकी कार पंचर हो गई है। वह गेट खोल जैसे ही बाहर निकले तो दोनों ने मारपीट कर उनसे मोबाइल और कार लूट लिया था। पुलिस की मानें तो इन बदमाशों ने गत 24 दिसंबर की रात भी एक दुकान में घुसकर नगदी लूटी थी। पीड़ित के विरोध करने पर उस पर चाकू से हमला भी कर दिया था।
इस तरह के इलाके में होने वाली लूटपाट व झपटमारी की वारदातों की जांच पुलिस टीम ने शुरू की और करीब इलाके में कई किलोमीटर तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के अलावा टेक्निकल सर्विलांस की मदद से बदमाशों की तलाश आरंभ की। इस दौरान पुलिस ने आखिरकार इन तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान एक नाबालिग ने यह भी बताया कि उसकी मां ने भी एक बार यह कहा था कि अवैध शराब की तस्करी के लिए कार की जरूरत है तो वह तभी से कार लूटने की फिराक में था। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अपने क्षेत्र की खबरों के लिए डाउनलोड करें बिहार खबर (Bihar Khabars) ऐप
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।