Breaking News

समस्तीपुर: अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष को फोन करके सीएसपी बुलाया, फिर रेता गला, इस मांग पर अड़े ग्रामीण

 



समस्तीपुर जिले के रोसड़ा के चकथात पूरब पंचायत के पैक्स अध्यक्ष विजय महतो की अपराधियों ने गला रेत हत्या कर दी। बताया जाता है कि अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष को फोन कर उनके ही सीएसपी पर बुलाया और घटना को अंजाम दे डाला। गुरुवार सुबह उनका शव खैरा स्थित उनके सीएसपी के समीप बरामद किया गया।

इधर, गुरुवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची रोसड़ा पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। वहीं घटना से आक्रोशित परिजन व ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम में जाने से रोक दिया। पुलिस के काफी समझाए-बुझाए जाने के बाद भी लोग मानने को तैयार नहीं है।  घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई है। 

उग्र लोग पुलिस से एसपी, डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम को बुलाने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है जब तक घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड की मूविंग व एसपी का आगमन नहीं होगा तब तक, शव को पोस्टमार्टम में नहीं भेजा जाएगा। पुलिस टीम घटनास्थल पर कैंप कर रही है। 

घटना के संबंध में बताया जाता है कि बुधवार देर शाम पैक्स अध्यक्ष विजय अपने घर पर थे, तभी करीब साढ़े सात बजे उनके मोबाइल पर कॉल आया। इसके बाद वह घर से निकले। परिजनों ने बताया कि वापस घर नहीं लौटने पर जब कॉल किया तो मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था। खोजबीन के क्रम में गुरुवार की सुबह खैरा स्थित सीएसपी के समीप उनका शव मिला।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।