साधु मामा पर भड़के तेज प्रताप पटना आते ही खुशियों के अथाह सागर में डूबे, बड़े मामा से मिलकर गदगद
तेजस्वी और राजश्री की शादी को लेकर साधु मामा के बयान से भड़के लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप पटना आते ही खुशियों के अथाह सागर में डूबने लगे हैं। बड़े मामा से मिलने और उनका आशीर्वाद मिलने से तेज प्रताप इतने गदगद हैं कि ट्वीट कर अपनी खुशी का इजहार किया है।
तेज प्रताप के एक और मामा प्रभुनाथ यादव और मामी तेजस्वी यादव और उनकी दुल्हन को बधाई देने राबड़ी देवी के आवास पहुंचे। तेज प्रताप ने उनके साथ तस्वीरों को शेयर कर खुशियों का इजहार किया है। तेज प्रताप ने लिखा कि पटना आने के बाद पहली बार बड़े मामा-मामी के साथ नव दंपत्ति को आशीर्वाद दिया। ख़ुशियों के इस अथाह सागर में बड़े मामा और मामीजी का आना परिवार की ख़ूबसूरती में चार चांद लगा गया।
पटना आने के बाद पहली बार बड़े मामा-मामी के साथ नव दंपत्ति को आशीर्वाद दिया।
इससे पहले बुधवार की रात पटना पहुंचे तेज प्रताप यादव से जब साधु यादव को लेकर पूछा गया तो कहा कि छोड़िये, उन्हें बोलने दीजिए। इस दौरान उन्होंने बताया कि भाई की शादी में खूब इंज्वाय किया। बता दें कि इससे पहले तेजस्वी यादव ने भी मामा की नाराजगी भरे बयानों को तवज्जो नहीं दी थी। पत्नी के साथ पटना पहुंचने पर उन्होंने कहा था कि वे बड़े हैं, उनका सम्मान है। विशेष टिप्पणी की जरूरत नहीं है।
मामा की नाराजगी के बाद मचा था घमासान
तेजस्वी की दिल्ली में आनन-फानन में हुई शादी के बाद पूर्व सांसद व तेजस्वी के मामा साधु यादव काफी खफा थे। गुस्से में उन्होंने कई ऐसी बातें कह दीं जो लालू परिवार को असहज कर गईं। अपने भांजे-भांजियों पर भी हमला करने से नहीं चूके। इसके बाद तो घमासान मच गया था। तेज प्रताप ने मामा पर पलटवार कर दिया था। मामला का गर्दा उड़ाने तक की धमकी दे दी थी।
तेज प्रताप ने यहां तक कह दिया कि पटना आने पर गर्दा उड़ा देंगे। साथ ही उन्होंने मामा को हत्यारा तक कह दिया था। भांजी रोहिणी आचार्य भी कहां पीछे रहने वाली थीं। उन्होंने कह दिया कि साधु यादव ने साबित कर दिया कि कंस आज भी समाज में मौजूद है। हालांकि, अब लगता है कि मामला शांत होने लगा है।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।