मोतिहारी:- डीलरों पर लाभुकों ने लगायी आरोपों की झड़ी
मोतिहारी: जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों की मनमानी नहीं चलनेवाली है। उपभोक्ताओं को समय पर राशन मुहैया कराना होगा। यदि कोई डीलर उपभोक्ताओं को अनाज देने में आनाकानी या ज्यादा रेट लेकर कम वजन खाद्यान्न दे रहे हैं,तो उनकी खैर नहीं है। डीएम के निर्देश पर जिला आपूर्ति में कंट्रोल रूम शनिवार से कार्य करने लगा है। इसका नंबर 06252-235037 जारी किया गया है।
कंट्रोल रूम स्थापित होते पहले ही दिन उपभोक्ताओं ने डीलरों के खिलाफ शिकायतों की झड़ी लगा दी। इसके लिए कंट्रोल रूम में अधिकारियों व कर्मियों की तैनाती की गयी है। डीएसओ स्वयं कंट्रोल रूम में इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। कंट्रोल रूम के नंबर पर फोन कर आदापुर प्रखंड के भेड़ियाही पंचायत के राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि उन्हें 25 किलो अनाज मिलता था। जिसमें डीलर द्वारा करीब दो किलो कम अनाज दिया गया। मेहसी प्रखंड के मझौलिया पंचायत के डीलर जगन्नाथ गुप्ता पर उपभोक्ता द्वारा लगाए आरोप पर सीओ व थानाध्यक्ष ने पहुंचकर उपभोक्ताओं में अनाज का वितरण शुरू कराया। मझौलिया पंचायत के बबलु कुशवाहा ने पंचायत के सभी डीलर पर निर्धारित मात्रा से कम अनाज देने का आरोप लगाया। डीएसओ आरएन चौधरी ने बताया कि कंट्रोल रूम के नंबर पर कॉल आने के साथ त्वरित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि 143 पीडीएस दुकानों पर छापेमारी की गयी है। पहाड़पुर के सोनवल में एक डीलर पर एफआईआर दर्ज करायी गयी है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को राशन मुहैया कराने के लिए मशीन से पर्ची निकालकर डीलर उपलब्ध कराएं। निर्धारित मात्रा से कम वजन में खाद्यान्न देने वाले डीलर पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।