घोड़ासहन प्रखंड अंतर्गत अठमुहान गांव में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम | बेटियों की शादी कराने से बड़ा कोई पुण्य नहीं : मुन्ना
मोतिहारी । जिले के घोड़ासहन प्रखंड अंतर्गत अठमुहान गांव में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में अग्नि के समक्ष सात फेरे लेकर 21 जोड़े जीवनसाथी बने। इससे पहले वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वर व वधू ने एक-दूसरे को जयमाला डाली, तो तालियों की गड़गड़ाहट से कार्यक्रम स्थल गूंज उठा। इस सामूहिक विवाह में जहां लोगों ने वर-वधू के जीवन की मंगलकामना की, वहीं इस मौके के गवाह भी बने। इस कड़ी में वर-वधू दोनों को विवाह संस्कार के महत्व को समझाया गया। विवाह के उपरांत वर-वधू को उपहार भी दिए गए। कार्यक्रम का उद्घाटन नगदाहां सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष मुन्ना गिरि ने किया। उन्होंने कहा कि बेटी जैसे-जैसे बड़ी होती है, उसके माता-पिता को विवाह की चिता सताने लगती है और अपनी तरफ से पूरी कोशिश करते हैं कि बेटी के हाथ जल्द पीले किए जाएं। लेकिन कई परिवार चाह कर भी इस कार्य को नहीं कर पाते। ऐसे में इस प्रकार का आयोजन करना सराहनीय बात है। बेटियों की शादी कराने से बड़ा कोई पुण्य नहीं। बड़ी संख्या में प्रबुद्ध वर्ग के लोगों ने सामूहिक रूप से वर-वधू को आशीर्वाद देकर खुशहाल जीवन की कामना की। बताते चले कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन बनकटवा प्रखंड के बिजबनी निवासी अवधेश कुमार की ओर से आयोजित किया गया था। मौके पर रमेश कुमार उर्फ भोला गुप्ता, पूर्व जिप अध्यक्ष मंजू देवी, शंभू प्रसाद गुप्ता, संतोष गुप्ता, ब्रजकिशोर गुप्ता, डॉ. ओमप्रकाश गुप्ता, प्रभु नारायण प्रसाद जयसवाल, शंकर प्रसाद, अनिल गुप्ता, अरविन्द, प्रकाश गुप्ता, रंजीत तिवारी, नरेंद्र कुमार, शिपु कुमार आदि उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।