मोतिहारी । शहर के पंचमंदिर रोड स्थित एक विवाह भवन में मांगलिक कार्य के दौरान जमकर हो रहे हंगामे व मारपीट की सूचना पर पहुंचे पुलिस निरीक्षक समेत पुलिस टीम पर हमला, टाउन इंस्पेक्टर सहित तीन जख्मी
मोतिहारी । शहर के पंचमंदिर रोड स्थित एक विवाह भवन में मांगलिक कार्य के दौरान जमकर हो रहे हंगामे व मारपीट की सूचना पर पहुंचे पुलिस निरीक्षक समेत पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इसमें इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। बाद में सूचना पर अन्य थानों की पुलिस व अधिकारियों के आने पर मामले को शांत कराया गया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस निरीक्षक विजय कुमार राय ने बताया कि पंचमंदिर रोड स्थित एक विवाह भवन में वर व वधु पक्ष के लोग मांगलिक कार्यक्रम में भाग लेने आए थे। इस क्रम में विवाह भवन के पड़ोस में रहनेवाला दबंग राजा सिंह समारोह में शामिल युवती व महिलाओं के साथ शराब के नशे में छेडखानी करने लगा। विरोध करने पर अपने साथियों के साथ मारपीट करने लगा। इसकी सूचना पुलिस को मिली। मामले की पड़ताल करने जब पुलिस इंस्पेक्टर के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया। इसमें पुलिस निरीक्षक श्री कुमार के अलावा चालक अजय कुमार, सिपाही शशिकांत जख्मी हो गए। राजा व उसके परिवार के लोगों ने पुलिस पर चाकू व रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद शहर के चारों नाका और आसपास के थानों व पुलिस लाइन से अतिरिक्त जवानों को बुलाया गया और इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। इस मामले में विश्वास कुमार, मुन्ना कुमार व मिलिन दत के अलावा एक महिला संगीता सिंह को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने दो अपाची व एक प्लसर के अलावा स्कॉरपियो को जब्त किया है। पुलिस मुख्य आरोपी राजा की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।