नीतीश ने नालंदा दुर्घटना पर जताया शोक, मृतकों के परिजनों को मिलेगी इतनी राशि
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालंदा जिले के तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र में अनियंत्रित ट्रक से कुचलकर मरने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया है। नीतीश ने रविवार को अपने शोक संदेश में कहा कि दुर्घटना काफी दुखद है और वह इस घटना से मर्माहत हैं।
मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना में मृत लोगों के आश्रितों को अविलंब चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने इस दुर्घटना में घायल लोगों को नि:शुल्क समुचित इलाज का निर्देश दिया है। साथ ही सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
बता दें कि तेल्हाड़ा थाने के समीप रविवार की शाम एक अनियंत्रित ट्रक के सड़क किनारे मौजूद दुकानों से टकरा जाने से घटनास्थल पर ही पांच लोगों की मौत हो गई जबकि इस हादसे में कई अन्य व्यक्ति जख्मी हो गए। हिलसा पुलिस उपाधीक्षक कृष्ण मुरारी शरण ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि आक्रोशित लोगों ने उक्त ट्रक में आग लगा दी। हादसे में जख्मी हुए लोगों को इलाज के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल और निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।