Breaking News

किसान की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, लाल कपड़ा दिखाकर पायलट को किया आगाह

 


बेगूसराय के लखमिनियां साहेबपुर कमाल स्टेशन के बीच सनहा हॉल्ट के पास शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां डाउन लाइन की रेल पटरी टूटने से कुछ देर तक परिचालन बंद रहा। रेलकर्मियों ने पटरी की मरम्मत करके रेल परिचालन को फिर शुरू किया। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार की सुबह डाउन पटरी पर एक मालगाड़ी गुजर रही थी। इस दौरान पटरी से जोरदार आवाज आ रही थी। गाड़ी गुजरने के बाद रेलवे लाइन के पास खेत की रखवाली कर रहे जानीपुर निवासी शिवनारायण चौधरी पटरी के पास पहुंचे। उन्होंने पास जाकर देखा तो डाउन पटरी को टूटा हुआ पाया। उन्होंने आनन-फानन में अपने लाल गमछे से अपलाइन पर गुजर रही मालगाड़ी को रुकने का इशारा किया। 

लोको पायलट ने लाल कपड़ा देखकर गाड़ी रोकी। इसके बाद उन्होंने पटरी टूटने की जानकारी दी। इसी दौरान डाउन लाइन से अवध-असम एक्सप्रेस ट्रेन आती दिखाई दी तो खतरा भांपकर उन्होंने फिर लाल गमछा लहराना शुरू कर दिया और ट्रेन को रोकने का इशारा किया। ट्रेन के ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी को रोक दिया। 

इमरजेंसी ब्रेक लगाने से ट्रेन में बैठे यात्रियों को झटका महसूस हुआ जिससे यात्री घबरा गए। ट्रेन रोककर रखवाले ने हादसा होने से बचा लिया जिसकी लोको पायलट और यात्रियों ने तारीफ की। सूचना पर पहुंची पथ निरीक्षण की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने तुरंत पटरी की मरम्मत की। आधे घंटे तक रेल परिचालन बाधित रहा।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।