पटना: होली पर नहीं कटेगी बिजली, 24 घंटे बिजलीकर्मियों की पेट्रोलिंग होगी
होली के मौके पर दो दिनों तक बिजली की अनवरत आपूर्ति होगी। बिजलीकर्मी शहर में 24 घंटे पेट्रोलिंग में रहेंगे। यह व्यवस्था होली के दिन 28 की शाम से लेकर होली के समापन 30 मार्च की सुबह तक बहाल रहेगी। पेसू पूरी तैयारी कर चुका है। बिजली संबंधित किसी प्रकार की शिकायतों के निवारण के लिए जिला नियंत्रण कक्ष और पेसू केंट्रोल रूम में उच्च अधिकारी विद्युत कार्यपालक अभियंताओं की तैनाती की गई है।
पेसू ने लोगों से अपील की है कि बिजली तार के नीचे होलिका दहन न करें। इससे कवर तार पिघल सकता है और बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती है। खगौल, छज्जूबाग, कदमकुआं, राजेन्द्रनगर, कंकड़बाग कॉलोनी मोड़ समेत अन्य इलाके के चौक-चौराहों पर होलिका दहन के लिए लकड़ी रखे गए हैं। यह दहन की सामग्री बिजली तार के नीचे रखी गई है। पेसू ने इन जगहों का मुआयना कर यहां के लोगों से होलिका दहन बिजली तार से दूर हटकर जलाने का आग्रह किया है। ऐसे होलिका दहन वाले जगहों पर बिजलीकर्मी पूरी तरह मुस्तैद रहेंगे। ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को तुरंत रोका जा सके।
फ्यूज कॉल की शिकायतों का निपटारा होगा
फ्यूजकॉल की शिकायतों का त्वरित निपटारा होगा। वैसे उपभोक्ता जिनके इलाके
में फ्यूज उड़ने से बिजली कटेगी, तुरंत ही अपने नजदीकी फ्यूजकॉल सेंटर में
शिकायत कराएं। उपभोक्ता अपने डिवीजन के कनीय अभियंता, सहायक अभियंता,
कार्यपालक अभियंता या अधीक्षण अभियंता को भी कॉल कर सकते हैं। जिसपर त्वरित
कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पेसू का एक टॉल फ्री न. 1912 है। उपभोक्ता
इसपर भी शिकायत कर सकेंगे।
दो दिनों तक मेंटेनेंस नहीं होगा
शहर के अलग-अलग इलाकों में हर रोज जो मेंटेनेंस कार्य हुआ करता है वह होली
के दो दिनों तक नहीं होगा। मेंटेनेंस कार्य अब होली के बाद होगा। पेसू ने
होली में अनवरत आपूर्ति को लेकर मेंटेनेंस कार्य स्थगित किया है।
होली के दो दिनों तक बिजली की निर्बाध आपूर्ति के लिए तैयारी पूरी कर ली
गई है। शहर में 24 घंटे पेट्रोलिंग होगी। बिजली संबंधित शिकायतों को दूर
करने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष और पेसू कंट्रोल रूम में वरीय अधिकारियों
की तैनाती कर दी गई है।
-दिलीप कुमार सिंह, जीएम पेसू

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।