Breaking News

बिहार के बेगूसराय में दुल्‍हन का हाई वोल्‍टेज ड्रामा; ससुराल में धरने पर बैठी तो मिली एंट्री, बोली- देख लूंगी

 


बेगूसराय,। बेरोजगार प्रेमी ने गर्लफ्रेंड (Girlfriend) से लव मैरिज (Love Marriage) की, लेकिन नौकरी (Job) होते ही इरादे बदल गए। उसने दुल्‍हन (Bride) को छोड़ दिया। इसके बाद अब दुल्‍हन ने भी रौद्र रूप दिखाया है। वह अपने सगे-संबंधियों के साथ ससुराल (In-Laws' House) की चौखट पर धरना देकर बैठ गई। साथ ही न्‍याय मिलने तक नहीं हटने की घोषणा कर दी। कहा कि न्‍याय की इस लड़ाई में जो भी बीच में आएगा, उसे देख लेगी। अंतत: स्थानीय समाज के गणमान्य लोगों के हस्तक्षेप के बाद बुधवार की शाम में दुल्‍हन को ससुराल में एंट्री मिली। घटना बेगूसराय के बछवाड़ा स्थित शिबू टोला की है।

लव मैरिज कर अपने-अपने घर गए दूल्‍हा-दुल्‍हन

बेगूसराय के बछवाड़ा के शिबू टोला स्थित ससुराल में पटना जिले के मोकामा थाना क्षेत्र के कन्हाईपुर निवासी राम अवधेश यादव की पुत्री पूनम कुमारी की हक की लड़ाई चर्चा में है। मंगलवार की रात से वह ससुराल की चौखट पर बैठी है। उसका कहना है कि शिबू टोला निवासी पिंटू कुमार ने उसके साथ 31 मई 2020 को लव मैरिज की थी। शादी के बाद पिंटू अपने घर चला गया और वह मायके में रही। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती रही, लेकिन पिंटू उसे घर नहीं ले गया। वह हमेशा कहता था कि सेना में भर्ती का रिटेन टेस्‍ट क्‍वालीफाई कर चुका है, नौकरी हो जाए तो घर ले जाएगा।

सेना की नौकरी हुई तो बदले इरादे, ठुकराया

धरने पर बैठी पूनम ने बताया कि जब पिंटू सेना में नौकरी मिलने के बाद मध्यप्रदेश के भोपाल में ट्रेनिंग में चला गया। फिर, पूनम से बातचीत करना और ससुराल आना-जाना भी छोड़ दिया। इसके बाद उसपर शक होने लगा। अंतत: जब यकीन हो गया कि उसने नौकरी मिलने के बाद उसे ठुकरा दिया है तो यह कदम उठाना पड़ा।

न्‍याय मिलने तक धरने पर ही बैठी रही पूनम

मंगलवार रात से शुरू यह हाई वोल्‍टेज ड्रामा (High Voltage Drama) बुधवार को भी शाम तक चलता रहा। इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। बीच-बचाव करने की कोशिश के बाद दुल्‍हन को ससुराल वालों ने स्‍वीकार कर लिया। 

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।