STF को मिली दोहरी कामयाबी, जमुई में दबोचा गया नक्सली संजय हांसदा, बेतिया का कुख्यात जितेन्द्र पाण्डेय भी गिरफ्तार
स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) को रविवार को दोहरी कामयाबी हाथ लगी। जमुई में जहां वर्षों से फरार नक्सली संजय हांसदा दबोचा गया वहीं मोतिहारी से पश्चिम चंपारण के कुख्यात जितेन्द्र कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। दोनों की तलाश काफी दिनों से पुलिस को थी।
एसटीएफ के मुताबिक नक्सली संजय हांसदा जमुई के चकाई थानाक्षेत्र के हसिकोल का रहनेवाला है। एसटीएफ के अभियान दल द्वारा रविवार को उसे जमुई के जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया। संजय के खिलाफ जमुई के चकाई और खैरा थाना में पांच मामले दर्ज हैं। इसमें हत्या, हत्या के प्रयास, नक्सली हिंसा, और आपराधिक घटनाओं की साजिश रचने के आरोप हैं। विधि विरुद्ध क्रिया कलाप अधिनियम (यूएपी एक्ट) की धाराएं भी इसपर लगी हैं। इसकी गिरफ्तार से इलाके में सक्रिय अन्य नक्सलियों के संबंध में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
दूसरी ओर एसटीएफ ने पश्चिम चंपारण के रहनेवाले कुख्यात जितेन्द्र कुमार पाण्डेय को मोतिहारी से गिरफ्तार किया है। जितेन्द्र को जिले के मलाही से गिरफ्तार करने मे कामयाबी मिली। पिछले वर्ष उसने बेतिया के मझौलिया थाना क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार था। कई अन्य अपराधिक घटनाओं में उसकी संलिप्तता सामने आ सकती है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।