भागलपुर: ऑक्सीजन और रेमडेसिविर की कालाबाजारी में महिला गिरफ्तार, मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी पुलिस
दिल्ली में ऑक्सीजन सिलेंडर और रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी में भागलपुर का कनेक्शन सामने आया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने घोघा थाना क्षेत्र की रहने वाली सरिता देवी को गिरफ्तार कर लिया है। कहलगांव अनुमंडल अस्पताल में उसका मेडिकल कराया गया है।
पिछले कुछ हफ्तों में महिला के बैंक खाते में लाखों (लगभग 50 लाख) रुपये ट्रांसफर किये गये थे। इसकी जानकारी मिलने के बाद महिला की तलाश शुरू हुई। शनिवार को महिला को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। दिल्ली की स्पेशल साइबर सेल की टीम भागलपुर पहुंची और उसी टीम ने महिला को गिरफ्तार किया।
ऑक्सीजन सिलेंडर और रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी में गिरफ्तार किये जाने के बाद महिला से दिल्ली पुलिस ने पूछताछ की। उससे यह जानने की कोशिश की गयी कि इस खेल में और कौन लोग शामिल हैं। महिला ने दिल्ली पुलिस को बताया है कि बेगूसराय का रहने वाला शख्स इसका मास्टरमाइंड है। उसी के कहने पर महिला अपने खाता का इस्तेमाल कराने को तैयार हुई थी। पुलिस उस महिला से पूछताछ के बाद बेगूसराय के उस शख्स को खोज रही है।
पैसे का दिया था प्रलोभन
इस बात की भी जानकारी मिली है कि महिला ने पूछताछ में खाता का इस्तेमाल
करने के बदले काफी पैसे मिलने का प्रलोभन दिये जाने की बात कही है। उसने
बताया है कि बेगूसराय के उस शख्स ने कहा था कि सिर्फ उसके खाता का इस्तेमाल
पैसे मंगवाने के लिए किया जायेगा और बदले में उसे मोटी रकम दी जायेगी।
पुलिस ने उस खाते के ट्रांजेक्शन हिस्ट्री निकलवा ली है। यह भी पता चला है
कि खाते में पैसे आ रहे थे और बाद में उस खाते से पैसे की निकासी भी की जा
रही थी।
दिल्ली में ऑक्सीजन सिलेंडर और रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी मामले
में घोघा की रहने वाली महिला को दिल्ली की स्पेशल साइबर सेल की टीम ने
गिरफ्तार किया है। महिला ने बेगूसराय के किसी व्यक्ति के कहने पर ऐसा करने
की बात कही है। दिल्ली पुलिस का सहयोग किया जा रहा है।
- निताशा गुड़िया, एसएसपी

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।