Breaking News

लालू यादव बोले-बिहार में शराबबंदी पूरी तरह फेल...दुल्‍हन के कमरे में छापेमारी पर घेरा

 



आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद को चिराग पासवान का साथ भाने लगा है। निकाय कोटे के एमएलसी चुनाव में चिराग पासवान की पार्टी से गठबंधन के सवाल पर कहा कि इसमें क्या गलत हो गया है? ये लोकल बॉडी का चुनाव है, सबके साथ गठबंधन होना चाहिए। कांग्रेस पार्टी भी है। हम सब एक साथ हैं। लालू प्रसाद सोमवार को पटना के लिए निकलने से पहले दिल्ली में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।

वह मंगलवार को चारा घोटाले के मामले में पटना की सीबीआई अदालत में पेश होंगे। लालू प्रसाद ने कहा कि शराबबंदी लागू करने के समय हमने नीतीश कुमार से कहा था कि यह कैसे होगा लागू? एक तरफ बंगाल दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश है। उधर, एक तरफ नेपाल तो दूसरी तरफ झारखंड है। चारों तरफ से स्मगलिंग होगी। यह पूछने पर कि क्या शराबबंदी खत्म होनी चाहिए, कहा कि क्या करना है यह तो सरकार जाने, लेकिन अगर ईमानदारी से लागू नहीं कर सके तो हम तो खत्म करना ही चाहते थे। होटल में पुलिस की छापेमारी पर कहा कि यही हो रहा है नीतीश के राज में। जहरीली शराब पीकर लोग मर रहे हैं। शराबबंदी पूरी तरह फेल है। छापेमारी करने होटल में महिला के कमरे में पुलिस चली गई। इस तरह की चीजों से परहेज करना चाहिए।

इधर, राजद प्रमुख लालू प्रसाद पटना आने के बाद एयरपोर्ट से सीधे अपने बड़े पुत्र तेज प्रताप से मिलने उनके आवास पर गए। हालांकि वहां उनकी मुलाकात तेजप्रताप से नहीं हुई और वह वापस 10 सर्कुलर लौट गए। बताया जाता है कि तब तेजप्रताप यादव जिम में थे। बाद में उन्होंने राबड़ी देवी के आवास पर जाकर पिता से मुलाकात की।

महिलाओं के कमरे में तलाशी निजता का उल्लंघन : राबड़ी

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा है कि बिहार पुलिस शराबबंदी के नाम पर बिना महिला पुलिसकर्मियों के दुल्हन के कमरों और कपड़ों की तलाशी ले रही है। यह निजता के अधिकार का उल्लंघन है। सवाल किया कि अब लोग शादी करें, यात्रा करें, काम करें या तानाशाही मिटाएं। यह भी आरोप लगाया कि पुलिस, शराब माफिया और सरकार के गठजोड़ से ये खुद शराब मंगवाते, बेचते और बिकवाते हैं। उस पर कारवाई करने की बजाय आम लोगों को परेशान करना कौन-सा कानून है। सीएम को जवाब देना चाहिए कि शीर्ष पुलिस अधिकारियों पर आज तक क्या कार्रवाई हुई?

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।