Breaking News

डिप्टी सीएम आवास पर पहुंची महिला से बोला सुरक्षा गार्ड, मेरे साथ चलो, सब काम करवा दूंगा... रेणु देवी ने कहा- मामले की जांच होगी

 



उप मुख्यमंत्री रेणु देवी ने एक महिला द्वारा उनके आवास पर सुरक्षा गार्ड द्वारा अभद्रता बरतने के मामले में मंगलवार को अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि इस आरोप की पूरी जांच होगी। साथ ही उन्होंने नाम लिए बगैर विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव और उनकी बहन के ट्वीट पर तीखी प्रतिक्रिया भी दी। 

उप मुख्यमंत्री रेणु देवी ने बयान जारी कर कहा कि मंगलवार को मैं बेतिया स्थित आवास में हनुमान अराधना में बैठी थी, तभी मुझे लालूजी के पुत्र तेजस्वी यादव और उनकी बेटी के ट्विट के बारे में जानकारी मिली। आरोप लगाया है कि इसमें उन्होंने भाषा और मर्यादा की सारी हदों को तोड़ते हुए मेरे बारे में अभद्र बातें कही हैं। मुझे यह देखकर कोई आश्चर्य नहीं हुआ क्योंकि दोनों की इस तरह की भाषा के बारे में हर कोई वाकिफ है। अफसोस तो यह है कि लालू जी ने अपरिपक्व बेटे के हाथों पार्टी की कमान दे दी। अच्‍छा राजनीतिज्ञ बनना तो बहुत दूर की बात है,  उन्हें महिलाओं या आम आदमी से बात करने की भी तमीज नहीं है। 

रेणु देवी ने कहा है कि रही बात मेरे पटना स्थित सरकारी आवास में मेरी गैर मौजूदगी में किसी महिला का आना और वहां तैनात सुरक्षा गार्ड पर अभद्रता करने का आरोप लगाना तो मेरे पटना पहुंचते ही इसकी पूरी जांच होगी। मैं महिला को बुलाऊंगी और घटना की पूरी जानकारी लूंगी। गौरतलब है कि सोमवार को ही महिला का आरोप कुछ वेब पोर्टल पर वायरल हुआ था। 

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।