Breaking News

कटिहार: ससुराल में दामाद की पीट-पीटकर हत्या, शव का हाथ-पैर बांधकर टॉयलेट की टंकी डाला, पत्नी गिरफ्तार

 



कटिहार जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र के जलकी पंचायत स्थित गजौट गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ससुराल वालों ने अपने दामाद की हत्या करने के बाद हाथ-पैर बांधकर शौचालय की टंकी में डाल दिया।  हत्या की घटना की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

थानाअध्यक्ष मानुतोष कुमार ने बताया घटना के संबंध में मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में मृतक की मां के बयान पर 9 नामजद के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। घटना के बारे में बताया जाता है कि गजौट गांव के मोहम्मद नाहिद की शादी 16 वर्ष पूर्व शुबरा खातून से हुई थी। शादी के बाद एक बेटे और दो बेटी का जन्म हुआ। 15 वर्षीय बेटा दिल्ली में काम करता है जबकि बेटी अपने माता पिता के पास रहती है। परिवार के सभी लोग सुख शांति से जीवन बिता रहे थे। 

3 दिन पूर्व अपने साले के शादी में नाहिद अपने ससुराल आया था। रविवार को कपड़ा खरीदने के लिए बाजार भी अपने ससुर के साथ गया था। साले की शादी में मनपसंद कपड़ा नहीं खरीदने के कारण ससुराल वालों से करीब 2 बार आपस में विवाद हुआ। विवाद के क्रम में मारपीट की भी नौबत आ गई.। बताया जाता है कि रविवार की देर रात दामाद और ससुराल वालों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक दूसरे की जान लेने पर उतारू हो गए। ससुर ने घर के लोगों के साथ मिलकर योजना बनाकर अपने दामाद की पीट-पीटकर हत्या कर दी और उसके बाद हाथ पैर बांधकर लाश को छुपाने के मकसद से  शव को शौचालय की टंकी में डाल दिया।  

इसकी सूचना ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को दी। परिजन जब अपने बेटे के ससुराल पहुंचे और मामले की छानबीन की तो पता चला कि लाश शौचालय की टंकी में डाल दिया गया है। इसकी सूचना पुलिस को दी। आजमनगर थाना अध्यक्ष दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर शौचालय की टंकी से नाहिद का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के सदर अस्पताल भेज दिया है। 

थानाध्यक्ष ने बताया कि पहली नजर में लगता है कि ससुराल वालों ने ही हत्या कर उसके शव को शौचालय की टंकी में फेंक दिया है। मृतक की मां नाहिदा खातून के बयान पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसपी विकास कुमार ने कहा कि नामजद आरोपियों के खिलाफ छापेमारी करने का आदेश थानाध्यक्ष को दिया गया है, जल्द सभी आरोपी गिरफ्तार होंगे।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।