Breaking News

स्कूली बच्चों के सपनों को उड़ान देगी इस जिले में खुली 'नटखट साइंस लैब', जानें इसमें क्या है खास

 



भागलपुर के सरकारी स्कूलों के बच्चे कुछ बनाने का सपना साकार कर सकेंगे। इसके लिए जिले के विभिन्न स्कूलों में 'नटखट साइंस लैब' खोली जाएगी। अभी शहर में एक लैब चल रही है। जल्द ही विभिन्न प्रखंडों के स्कूलों में लैब खुल जाएंगी। मोक्षदा प्राथमिक विद्यालय में कुछ महीने पहले ही यह नटखट साइंस लैब खोली गई। इसमें छात्र-छात्राएं न सिर्फ अपने कोर्स के बल्कि अन्य प्रोजेक्ट, टीचिंग मैटेरियल, एक्जीविशन के लिए मॉडल, जिला से राष्ट्रस्तरीय विज्ञान प्रतियोगिता तक के लिए मॉडल बना सकेंगे। इसके लिए वहां बहुत तरह के सामान के कई सेट रखे गये हैं ताकि कई छात्र एक साथ काम कर सकें। इसमें किसी भी स्कूल के छात्र अपने अनुसार मॉडल बना सकेंगे। इसके लिए उन्हें कोई शुल्क भी नहीं देना होगा।

जल्द खुलेंगी 300 लैब

जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि शिक्षा विभाग भागलपुर की पहल पर अमेरिका के एबाको फाउंडेशन और करुणोदय फाउंडेशन द्वारा संचालित नटखट साइंस लैब जिले के सिर्फ एक स्कूल प्राथमिक विद्यालय मोक्षदा में खोली गई है। जनवरी तक जिले में दस लैब खुल जाएंगी। इसकी सफलता पर 300 अन्य केंद्र दो साल में खोलने की योजना है। एबाको फाउंडेशन की प्रमुख और संस्थापक 'लेटी' फरवरी में आयेंगी। 

विभिन्न सुविधाओं से युक्त है लैब

लैब के प्रोजेक्ट हेड शेखर सुमन ने बताया कि लैब में सात शिक्षक को मास्टर ट्रेनर बनाया जा रहा है। इनके द्वारा अन्य स्कूलों के शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जायेगा। इस लैब में कक्षा छह से 10 वीं के छात्रों के लिए हर तरह के मॉडल बनाने की सुविधा। जिसमें बेकार सामान से साइंस के मॉडल बनाने की समझ, रद्दी पेपर से क्राफ्ट बनाने की समझ, मिट्टी नये-नये खिलौने बनाने की समझ को विकसित किया जायेगा। 

इसके लिए लैब में कारपेंट्री टूल्स, इलेक्ट्रिक टूल्स, मैकेनिकल टूल्स और इलेक्ट्रॉनिक मैटेरियल्स, स्टेशनरी मैटेरियल्स आदि सामान हैं। इसमें छात्र के साथ शिक्षक भी मॉडल बना सकते हैं। जिस स्कूल में लैब खुलेगी वहां तो हर दिन और दूसरे स्कूल के छात्र छुट्टी के दिन आकर इसमें काम कर सकते हैं। जिच्छो स्थित सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा आठवीं के मनीष कमार और मृत्युंजय कुमार ने बताया कि लैब में कई तरह के मॉडल बनाने को मिले हैं। इससे उन्हें इंस्पायर अवार्ड भी मिला है। ऐसी सुविधा पहले नहीं मिलती थी।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।