उत्तर बिहार में बारिश व ओलावृष्टि से किसानों को भारी क्षति
उत्तर बिहार में शुक्रवार की रात अचानक मौसम में बदलाव हुआ। आंधी- बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि भी हुई। तीन दिनों में दूसरी बार बारिश से किसानों की फसलों को भारी क्षति हुई है। मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, चंपारण, मधुबनी, दरभंगा में तेज हवा के साथ बारिश व ओलावृष्टि हुई है।
मुजफ्फरपुर में घने बादल के साथ जमकर घंटों आंधी चली। फिर बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। रात दस बजे से कटरा के क्षेत्र में बारिश व ओलावृष्टि शुरु हुई। शहरी क्षेत्र में भी कही कहीं बारिश हुई। तीन दिनों में दूसरी बार पड़ी मौसम की इस मार से किसानों की कमर टूट गई है। अभी खेतों में 60 फ़ीसद से अधिक गेहूं की फसल खड़ी है। वहीं बीस फीसद फसल लोगों के दरवाजों पर खुले में हैं। उत्तर बिहार में जगह-जगह ठनका गिरने की भी सूचना है। प्रशासन की ओर से जानमाल के नुकसान की सूचना जुटाई जा रही है।
20 अप्रैल तक बारिश व ओलावृष्टि के बने हैं आसार
उत्तर बिहार में फिर 19 व 20 को कई जिले में बारिश होने के आसार बने हुए हैं। बारिश के दौरान ओलावृष्टि व गरज के साथ तेज हवा चल सकती है। पूरवा हवा चलने से बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार बीस अप्रैल तक आसमान में बादल छाये रहेंगे। विभिन्न जिलों में हल्की से अच्छी बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिक तापमान 35 डिग्री व न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहेगी। मौसम विभाग ने किसानों को गेहूं की फसल को तेजी से प्रबंध करने की सलाह दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।