दोस्त बने दुश्मन, चाकू गोदकर युवक को उतारा मौत के घाट, कुत्तों ने नोचा शव
बिहार की राजधानी पटना के कंकड़बाग इलाके में शनिवार रात को एक युवक की हत्या कर दी गई। रविवार सुबह पाटलीपुत्र स्टेडियम के पीछे से उसका शव बरामद किया गया है। युवक की चाकू गोदकर हत्या की गई है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है लेकिन उसकी उम्र 25 साल के आसपास की बताई जा रही है। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
ऐसी आशंका जताई जा रही है कि दोस्तों ने उसकी हत्या की है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को पीएमसीएच भेज दिया है। पाटलिपुत्र स्टेडियम के पीछे काफी संख्या में पाइप रखे हुए हैं। उन्हीं पाइपों के बीच में युवक का शव पड़ा था। जब कुत्ते शव को नोचने लगे तो लोगों की उसपर नजर पड़ी। इसके बाद कंकड़बाग थाने को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह लगभग नौ बजे के आसपास शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मृतक के शरीर पर तेज धारदार हथियार से पांच-छह वार किए गए हैं।
ऐसी आशंका है कि दोस्तों ने खाने-पीने के बहाने बुलाकर उसकी हत्या कर दी और शव को यहां फेंक दिया। शव की पहचान होने के बाद पूरा मामला सामने आ जाएगा। लोगों को आशंका है कि लूटपाट के दौरान युवक की हत्या की गई होगी। हालांकि पुलिस का मत इससे अलग है। पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।